सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त कदम – जिले के ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित कर सुरक्षा उपाय तेज

इंदौर(एक्सप्रेस संदेश) – सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित कर त्वरित सुधार कार्य प्रभावी रूप से किए जा रहे हैं। चिन्हित स्थानों पर अस्थायी और स्थायी दोनों प्रकार की सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ब्लैक स्पॉट पर सभी जरूरी कार्य कर उन्हें सुरक्षित बनाए जाने के उद्देश्य से कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में एडीएम रोशन राय, अपर आयुक्त नगर निगम आकाश सिंह, एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। समीक्षा में सामने आया कि जिले में कुछ नए ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित हुए हैं, जबकि कई स्थानों पर सुधार कार्य होने से स्थिति बेहतर भी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर ऐसे स्थानों पर सुधार कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं।




