इंदौर आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही,लाखों रुपए की मदिरा जप्त
महू सहित कई जगह पर आबकारी विभाग ने की कार्यवाही

इंदौर जिले में मदिरा के अवैध रूप से क्रय-विक्रय तथा भण्डारण करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देशन में आबकारी विभाग के अमले द्वारा अभियान चलाकर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में रामकृष्ण बाग और महू क्षेत्र में अवैध मदिरा के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर 11 प्रकरण दायर किये गये और एक वाहन सहित लाखों की मदिरा जप्त की गयी है।
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के निर्देशन में इंदौर जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध एक बड़ी कार्यवाही की गई। नियंत्रण कक्ष प्रभारी देवेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन व सहायक जिला आबकारी अधिकारी कमलेश सोलंकी के नेतृत्व में महू क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन दबिश दी गई। महू के पीठरोड, सुतारखेड़ी भोंडिया तालाब एवं जामली जैसे क्षेत्रों में की गई इस संयुक्त कार्यवाही में छिपाकर रखी गई 40 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई तथा 2 हजार किलो महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया गया। आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 10 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 2 लाख 08 हजार रुपये आँका गया है।




