गुरु कृपा से ही भक्त को ईश्वर भक्ति का सच्चा मार्ग प्राप्त होता है- श्रीजी महाराज
श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन अन्नकूट प्रसादी का किया गया वितरण

हेमंत गर्ग (एक्सप्रेस संदेश)
9993098648
सेंधवा – नगर की जगन्नाथपुरी झवर कॉलोनी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन निंबार्काचार्य श्री श्रीजी महाराज श्री श्यामशरण देवाचार्य ने कथा में निंबार्क संप्रदाय के पीठाधीश्वर श्री राधासर्वेश्वर शरणदेवाचार्य श्री श्रीजी महाराज की निकुंज प्रवेश तिथि के पावन अवसर पर उनके जीवन, तप, त्याग एवं भक्ति पर प्रकाश डाला।कथावाचक श्री श्यामशरण देवाचार्य ने कहा कि निंबार्क संप्रदाय में गुरु-शिष्य परंपरा का विशेष महत्व है। गुरु कृपा से ही भक्त को ईश्वर भक्ति का सच्चा मार्ग प्राप्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से संतों के बताए मार्ग पर चलकर धर्म, भक्ति और सेवा को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
सोमवार को कथा की समाप्ति के पश्चात श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। अन्नकूट प्रसाद वितरण के दौरान श्रद्धा और सेवा का भाव देखने को मिला।
कथा आयोजन के क्रम में रात्रि को खाटू के श्याम बाबा की भव्य भजन संध्या आयोजित की गई। भजन संध्या में प्रसिद्ध गायिका ने अपने सुमधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्याम बाबा के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
भजन संध्या में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बाबा श्याम की आरती की गई तथा प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।




